Spread the love

शिमला । हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के नौहराधार की घंडूरी पंचायत के तलांगना में देर रात हुए भीषण अग्निकांड ने छह लोगों का जीवन छीन लिया है। इस दर्दनाक हादसे में घर के अंदर सो रहे तीन बच्चों सहित छह लोग जिंदा जल गए हैं। माघी पर्व मनाने के लिए मायके आईं दो बेटियों को क्या पता था कि उनका व उनके परिवार का यह अंतिम त्योहार होगा।

तीन लोगों के घर जलकर राख
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अग्निकांड में विजय सिंह, भीम सिंह व मीन सिंह के घर जलकर राख हो गए। इंद्रा देवी पत्नी स्वर्गीय यशवंत सिंह का घर भी अग्निकांड में जल गया। इस दर्दनाक हादसे में माघी त्योहार मनाने के लिए मायके आईं इंद्रा की दो बेटियां, उनके तीन बच्चे और एक दामाद की भी जिंदा जलकर माैत हो गई। दूसरा दामाद लोकेंद्र(42) पुत्र जोगेंद्र सिंह निवासी गांव विजर अग्निकांड में घायल हुआ है जिसका सीएचसी नौहराधार में उपचार चल रहा है।

लोकेंद्र ने पुलिस को दिए बयान में ये कहा
लोकेंद्र ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने ससुराल गांव तलांगना में माघी पर्व में अपनी पत्नी व बच्चों के साथ गया था। साथ ही साली व उसका पति भी आए थे। बुधवार रात करीब 11:00 बजे सभी लोग खाना खाकर सो गए। इसके बाद सुबह करीब 3:00 बजे कमरे में धुआं फैल गया और रसोई में जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद मकान में आग लग गई। इसके अतिरिक्त इंद्रा देवी की पशुशाला में भी आग लग गई, जिसमें दो गाय व एक बछड़ा भी जिंदा जल गया।

मृतकों की सूची

(1) नरेश कुमार(50) पुत्र दुर्गा राम निवासी गांव टपरोली (दामाद)।
(2)  तृप्ता(44 ) पत्नी नरेश कुमार निवासी गांव टपरोली नौहराधार(बेटी)।
(3) कविता(36) पत्नी लोकेंद्र निवासी गांव कुमड़ा जिकनीपुल नेरवा(बेटी)।
(4) कृतिका(13) पुत्री  लोकेंद्र निवासी गांव विजर देवत नेरवा जिला।
(5) सारिका(13) पुत्री लोकेंद्र निवासी गांव विजर।
(6) कार्तिक(3) पुत्र लोकेंद्र निवासी गांव विजर।

16 फीसदी तक झुलसा लोकेंद्र, हालत खतरे से बाहर

तलांगना में आग की लपटों से लोकेंद्र 16 फीसदी तक झुलस गए हैं। हाथ, पांव, सिर, मुंह और घुटनों में बर्न हुआ है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहराधार से लोकेंद्र (42) को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन सुबह 9:00 बजे पहुंचाया। सर्जरी और ईएनटी विशेषज्ञों की टीम ने जांच की। इसके बाद सर्जरी वार्ड में भर्ती किया है। रिश्तेदारों ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहराधार में केवल मरहमपट्टी देकर रेफर कर दिया गया। इसके बाद झुलसे व्यक्ति को जलन से कराहते हुए करीब तीन से चार घंटे का रास्ता तय कर क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। मरीज को 3:30 बजे चिकित्सकों ने छुट्टी दी। व्यक्ति बार-बार घर जाने की जिद कर रहा था। तहसीलदार सोलन और कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोलन सुभाष वर्माणी भी अस्पताल पहुंचे और व्यक्ति से बातचीत की।

सिरमौर में हुए अग्निकांड में झुलसे एक व्यक्ति को वीरवार सुबह 9:00 बजे क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया। यहां पहुंचते ही व्यक्ति का चिकित्सकों ने तुरंत उपचार शुरू किया। व्यक्ति खतरे से बाहर है। मरीज के आग्रह पर चिकित्सकों ने छुट्टी दे दी है।-डॉ. राकेश पंवार, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन।

By admin

Leave a Reply