Spread the love

शिमला । पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई के बीच शिमला और जुब्बल से चिट्टे के दो अलग-अलग मामलों में चिट्टे के साथ तीन आरोपी पकड़े हैं। राजधानी शिमला में पुलिस ने दस ग्राम से अधिक चिट्टा बरामद करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि जुब्बल क्षेत्र में ग्रामीणों की सूचना पर पकड़े गए दो युवकों से भी थोड़ी मात्रा में चिट्टा बरामद हुआ है। पुलिस दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर रही है। शिमला के सदर पुलिस थाना क्षेत्र में दर्ज मामले के अनुसार शनिवार देर रात पुलिस की टीम ने गश्त के दौरान गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए डीसी ऑफिस के पास आर्मी कमांड एरिया में सेंट थॉमस स्कूल के नीचे संपर्क सडक़ पर एक व्यक्ति सफेद कार में बैठकर स्थानीय लोगों को चिट्टा बेच रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां बताई गई कार खड़ी मिली। कार की तलाशी लेने पर उसमें बैठे व्यक्ति के कब्जे से 10.660 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। आरोपी की पहचान हमीरपुर के भोरंज निवासी तुषार चंदर उम्र 31 साल के रूप में हुई है। वह वर्तमान में आर्मी फायर सर्विस, कमांड एरिया शिमला में ड्राइवर के पद पर तैनात बताया गया है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। उधर, दूसरा मामला जुब्बल थाना क्षेत्र में सामने आया है। ये मामला हरीश चौहान निवासी गांव अस्तंडाली, तहसील जुब्बल के बयान पर दर्ज हुआ। गांव अस्तंडाली के लिंक रोड पर ग्रामीणों ने दो युवकों को बाइक सहित पकड़ा है। तलाशी के दौरान विक्रांत भगटा और दिविज उर्फ दिग्विजय के कब्जे से कुल 0.30 ग्राम चिट्टा) बरामद किया है।

जो नशा फैलाएगा, वो जेल जाएगा

एसएसपी शिमला संजीव गांधी का कहना है कि पुलिस ने दोनों मामलों में चिट्टे के साथ पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जो नशा फैलाएगा वो जेल जाएगा।

सुंदरनगर में पंजाब के युवकों से पकड़ा 61 किलो अफीम डोडा

डैहर। सुंदरनगर पुलिस द्वारा डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण की अगवाई में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अलसू चौक पर 61 किलो 205 ग्राम अफीम डोडा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम एसआई दौलत राम के नेतृत्व में मुख्य आरक्षी हंसराज, आरक्षी कुलदीप व सतीश कुमार के साथ कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर अलसू चौक पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पंजाब नंबर की जीप को नाके पर रोका गया। छानबीन के दौरान अफीम डोडा बरामद किया गया। आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह व रामपाल पंजाब के रूप में हुई है।

सोलन में नशा तस्करी का भंडाफोड़

सोलन। पुलिस चौकी शहर सोलन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चंबाघाट क्षेत्र स्थित बेर पानी के पास एक होम स्टे में दबिश दी और तीन युवकों को 2.70 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नरेंद्र कुमार, विक्रांत भारद्वाज और सुष्मिता कौशल के रूप में हुई है।

सुुंदरनगर में चिट्टे सहिब दबोचा युवक

सुंदरनगर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना धनोटू की टीम ने आठ ग्राम चिट्टा बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गौरव निवासी गांव भौणबाड़ी मंडी के रूप में हुई है। पुलिस थाना धनोटू में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज छानबीन शुरू कर दी है।

रिवालसर में घर से एक किलो चरस पकड़़ी

रिवालसर । नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। रिवालसर पुलिस ने क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोठी गैहरी के बटाहण गांव के एक घर में रेड कर एक किलो 507 ग्राम चरस पकड़ी है। मामले में आरोपी व्यक्ति सुरेंद्र कुमार पुत्र भीम देव गांव बटाहण तहसील बल्ह जिला मंडी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया है।

कुल्लू में तीन दिन पुलिस रिमांड पर भेजे तस्कर

कुल्लू। जिला कुल्लू के मनाली क्षेत्र में चिट्टे के साथ पकड़े गए दंपति को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस ने आगामी कार्रवाई जारी रखी है। चिट्टा तस्करी के नेटवर्क की भी पुलिस गहनता से जांच कर रही है। एसपी एसपी कुल्लू मदन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पर्यटन नगरी मनाली के चचोगा झाडग़ गांव में पुलिस टीम ने एक घर में गुप्त सूचना के आधार पर बीते शनिवार को दबिश दी थी। इस दौरान पुलिस ने घर के भीतर 303 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।

By admin

Leave a Reply