बद्दी । हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बद्दी के बिलांवाली से एक महिला का दो दिन का बच्चा चोरी हो गया। इस अजीबोगरीब घटना के बाद महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। पता चला कि इसी कमरे के साथ रहने वाला दंपती भी उसी दिन से गायब था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उनका नाम व पता खोज यूपी के रामपुर से बच्चे को बरामद कर लिया है। इसके बाद बच्चे को मां के सुपुर्द कर दिया है। बिहार के पटना की एक महिला व यूपी के रामपुर की एक अन्य महिला बिलांवाली में निर्मल सिंह के मकान में किरायेदार हैं।
रामपुर की महिला की शादी को 9 साल हो गए हैं, लेकिन उनके कोई बच्चा नहीं है। बिहार की महिला के पास यह चौथा बच्चा होने वाला था। दोनों महिलाओं में तय हुआ था कि अगर चौथी बेटी हो गई तो वह उसे दे देगी। इसी आधार पर रामपुर की महिला पड़ोसी महिला का गर्भावस्था के दौरान ख्याल रखती थी और समय-समय पर उसकी सहायता भी करती थी। 9 जनवरी को बिहार की महिला के तीन बेटियों के बाद बेटे को जन्म दिया। रामपुर की महिला बच्चे को लेने के लिए गई तो उसने इन्कार कर दिया। 11 जनवरी को उक्त महिला ने पति के साथ योजनाबद्ध तरीके से बच्चे को साथ लगते कमरे से चुराया, जब बच्चे की मां वहां नहीं थी।
