शिमला। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड 2026-27 के लिए बिजली दरें तय होने से पहले हिमाचल प्रदेश विद्युत विनियामक आयोग में संशोधित टैरिफ याचिका दाखिल करेगा। इसमें मौजूदा घरेलू दरें और कम करने की सिफारिश की जाएगी। इससे प्रदेश में अप्रैल 2026 से घरेलू बिजली दरों में 5 से 7 पैसे प्रति यूनिट तक की कटौती की तैयारी है। प्रदेश में हजारों घरेलू उपभोक्ताओं की ओर से स्वेच्छा से सब्सिडी छोड़ने पर प्रदेश सरकार बिजली दरें बढ़ाने के पक्ष में नहीं हैं।
राज्य सरकार के अनुसार अब बिजली सब्सिडी केवल पात्र और वास्तविक जरूरतमंद उपभोक्ताओं को ही दी जाएगी। सब्सिडी का दायरा सीमित होने से घरेलू उपभोक्ताओं पर बढ़ते खर्च का असर न पड़े, इसके लिए सरकार ने बोर्ड को निर्देश दिए हैं कि घरेलू बिजली के रेट कुछ और कम किए जाएं। इन निर्देशों के तहत बोर्ड ने संशोधित टैरिफ पिटीशन में मौजूदा दरों में कटौती का प्रस्ताव रखा है। सरकार ने आश्वस्त किया है कि बोर्ड की वित्तीय जरूरतों की भरपाई की जाएगी।
