Times Himachal (हेम)
राजधानी शिमला के न्यू शिमला में संदिग्ध परिस्थितियों में बिजली बोर्ड से सेवानिवृत्त अधिशासी अभियंता की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार 6 मार्च दोपहर के बाद पुलिस थाना न्यू शिमला को पड़ोसियों से सूचना मिली कि ब्लॉक-50, सेक्टर-4 न्यू शिमला में एक व्यक्ति, जो अकेले रहता था, काफी समय से अपने घर का दरवाजा नहीं खोल रहे हैं। इस कारण आसपास के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलते ही पुलिस थाना न्यू शिमला की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।संदेह की स्थिति को देखते हुए गवाहों की उपस्थिति में संबंधित फ्लैट का दरवाजा खोलकर अंदर पुलिस की टीम पहुंची तो कमरे के भीतर प्रवेश कुमार 50 वर्ष पुत्र बिहारी लाल, निवासी गांव व डाकघर थुरल, तहसील पालमपुर का शव बरामद हुआ। मृतक विद्युत विभाग में अधिशासी अभियंता के पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्त थे। यह भी पता चला है कि वे पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे तथा एंग्जायटी की दवाइयां ले रहे थे। उनकी पत्नी का वर्ष 2021 में निधन हो चुका है तथा उनकी कोई संतान नहीं है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी भेजकर शवगृह में सुरक्षित रखा गया है। पोस्टमार्टम कल करवाया जाएगा। एसएसपी शिमला गौरव सिंह के अनुसार मौके का निरीक्षण पर्यवेक्षक पुलिस अधिकारी द्वारा भी किया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
