Spread the love

टाइम्स हिमाचल (हेम)
बिलासपुर :हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर के झंडूता उपमंडल से एक भेड़पालक (गद्दी) की हत्या की वारदात सामने आई है. उपमंडल के मरोतन के पास गूगा मलोट क्षेत्र में गद्दी समुदाय से संबंध रखने वाले युवक की कुल्हाड़ी से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और भय का माहौल फैल गया है.
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान संजू (46) पुत्र गौरीदत्त निवासी गांव खोपड़ी, कुल्लू के रूप में हुई है. संजू हर साल की तरह इस बार भी अपनी भेड़-बकरियों के साथ छह दिनों से सलवाड़ के मलोट क्षेत्र में डेरा डाले हुए था.
शुक्रवार रात को संजू खाना खाने के बाद स्लीपिंग बैग में सो गया और एक और साथी कुछ दूरी पर सोया था. रात को फिर किसी ने संजू पर हमला किया और उसकी गर्दन काट दी. शनिवार सुबह मंडी के रहने वाले साथी ठाकुर सिंह संजू को आवाज दी और फिर देखा तो वह खून से लथपथ था. घटना की सूचना के बाद पुलिस थाना तलाई की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया.एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि मृतक व्यक्ति गद्दी समुदाय से संबंधित था और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीम हर पहलू से जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि फिलहाल हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए गहन छानबीन की जा रही है और हमलावर की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस शुरुआती जांच में इस वारदात को आपसी रंजिश या किसी पुराने विवाद से जोड़कर भी देख रही है, हालांकि अभी तक किसी भी ठोस कारण की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि मामले की पूरी सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी. घटना के बाद गूगा मलोट और आसपास के क्षेत्रों में लोगों के बीच भय का माहौल है.

By admin

Leave a Reply