Spread the love

टाइम्स हिमाचल (हेम)
हिमाचल प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होंगे. इस पर आम आदमी पार्टी ने सियासी शंखनाद फूँक दिया है और पार्टी ने विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है.
रविवार को छोटी काशी मंडी से राज्य स्तरीय पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए मनीष सिसोदिया ने चुनावी बिगुल बजाते हुए यह ऐलान किया है. सम्मेलन के उपरांत मीडिया से अनौपचारिक बातचीत के दौरान दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम व पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली और पंजाब के लोगों के दिलों में जगह बनाने के बाद आम आदमी पार्टी हिमाचल की जनता के दिलों को जीतने के लिए तैयार हैं.
उन्होंने सूबे की दोनों प्रमुख पार्टियों को घेरते हुए कहा कि पहले भाजपा से जनता का मोह भंग हुआ, वहीं इस बार कांग्रेस से भी जनता का पूरी तरह से विश्वास उठ चुका है. दिल्ली में आप सरकार ने बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास मॉडल पर कार्य किया है. आज इसी मॉडल पर आप की पंजाब सरकार भी आगे बढ़ रही है. पार्टी हिमाचल में भी इसी मॉडल पर कार्य करने वाली है, जिसे लेकर प्रदेश की जनता में भरपूर उत्साह देखने को मिल रहा है.इससे पूर्व पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंडी पहुंचने पर मनीष सिसोदिया का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया. सम्मेलन में प्रदेश भर से सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिती दर्ज कराई. सिसोदिया ने राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेकर कार्यकर्ताओं को पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए टिप्स भी दिए. इस सम्मेलन में आप हिमाचल प्रभारी ऋतुराज गोविंद झा सहित, विभिन्न जिला प्रभारी व पदाधिकारी भी विशेष रूप से मौजूद रहें. गौर रहे कि आम आदमी पार्टी ने बीते विधानसभा चुनाव में भी हिस्सा लिया था लेकिन कोई सीट नहीं जीती थी.

By admin

Leave a Reply