टाइम्स हिमाचल (हेम)
हिमाचल में पिछले कई सालों से नियमित होने के लिए पॉलिसी का इंतजार कर रही आशा वर्कर्ज को लेकर विधानसभा बजट सत्र के दसवें दिन बड़ा अपडेट सामने है. नालागढ़ से कांग्रेस विधायक हरदीप सिंह बावा ने सवाल पूछा है कि प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में 31 दिसंबर 2025 तक कितनी आशा वर्कर्ज ने दस वर्ष या इससे अधिक का कार्यकाल पूर्ण कर लिया है. सरकार क्या इन आशा वर्करों को नियमित करने के लिए कोई स्थायी नीति बनाने का विचार कर रही है?
जिसके लिखित उत्तर में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ धनीराम शांडिल ने बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 31 दिसंबर 2025 तक 7454 आशा वर्कर्ज ने दस वर्ष या इससे अधिक कार्यकाल पूर्ण कर लिया है. उन्होंने बताया कि इन आशा वर्कर्ज को नियमित करने के लिए कोई नीति विचाराधीन नहीं है.
मिड वाइफ के 321 पद खाली
स्वास्थ्य मंत्री डॉ धनीराम शांडिल ने एक अन्य सवाल के जवाब में सदन में लिखित जानकारी दी. उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के तहत मिड वाइफ (दाईयों) के 321 पद रिक्त हैं. आशा कार्यकर्त्ता का चयन संबंधित गाइडलाइन अनुसार साक्षर महिलाएं जो आठवीं स्तर तक शिक्षित (ग्रामीण क्षेत्र) या दसवीं तक शिक्षित (शहरी क्षेत्रों) की योग्यता रखती हों, किया गया है. आशा कार्यकर्त्ता मिड वाइफ (दाई) के कार्य के लिए सक्षम नहीं है.
स्वास्थ्य मंत्री ने ये जानकारी कांग्रेस विधायक हरदीप सिंह बावा के स्वास्थ्य विभाग में मिड वाइफ (दाईयों) के कितने पद रिक्त हैं और क्या आशा वर्करों को मिड वाइफ (दाईयों) के रिक्त पदों पर विलय किया जा सकता है के सवाल के लिखित जवाब में दी. बता दें कि स्वास्थ्य विभाग में मिड वाइफ की कुल 503 सैंक्शन पोस्ट है. जिसमें 182 पद भरे गए हैं और अभी 324 पद खाली चल रहे हैं.
