चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर हुए धमाके की घटना ने पार्टी नेताओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि इस तरह की वारदात की आशंका पहले से जताई जा रही थी, क्योंकि बीते कुछ दिनों से कई भाजपा नेताओं को विदेशी नंबरों, खासकर +92 कोड से धमकी भरे कॉल मिल रहे थे।
पार्टी से जुड़े एक वरिष्ठ नेता के अनुसार, इससे पहले संगठन के एक प्रमुख पदाधिकारी को जान से मारने की धमकी वाला पत्र भी चंडीगढ़ कार्यालय में भेजा गया था, जिसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दे दी गई थी।
सिर्फ चंडीगढ़ ही नहीं, बल्कि लुधियाना स्थित भाजपा दफ्तर में भी कई बार संदिग्ध कॉल और पत्र पहुंच चुके हैं। इनमें पार्टी नेताओं को निशाना बनाते हुए गंभीर धमकियां दी गईं, जिनमें ग्रेनेड हमले जैसी बातें भी शामिल थीं। इन मामलों को लेकर पंजाब पुलिस को लगातार शिकायतें दी जाती रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में एक तथाकथित “टूलकिट” के जरिए भी कुछ शरारती तत्वों ने भाजपा नेताओं को टारगेट करने की कोशिश की थी। इस मामले को भी पुलिस के संज्ञान में लाया गया था।
इन लगातार मिल रही धमकियों के बाद चंडीगढ़ और पंजाब पुलिस द्वारा कई बार सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा चुकी है। वहीं, कुछ नेताओं की सुरक्षा बढ़ाने पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
