Spread the love

Times Himachal : हिमाचल प्रदेश में आर्थिक संकट को लेकर सुक्खू सरकार ने अपने फैसले पर आंशिक तौर पर यू-टर्न ले लिया है. किन्नौर के रिकॉन्गपिओ में हिमाचल दिवस पर सीएम सुक्खू ने बड़ा ऐलान किया और घोषणा की कि प्रदेश में क्लास-1 और क्लास 2 अफसरों की सैलरी में अब कटौती नहीं की जाएगी. गौर रहे कि बजट के दौरान सरकार ने छह महीने के लिए सैलरी में कटौती का ऐलान किया था. लेकिन अब सरकार ने अपने फैसले को वापस लेने का ऐलान किया है.
दरअसल, हिमाचल प्रदेश के बजट सत्र के दौरान 21 मार्च को बजट पेश किया गया था और सीएम सुक्खू ने ऐलान किया था कि प्रदेश में क्लास-व और क्लास-2 समेत अन्य श्रेणी के कर्मचारियों की सैलरी में छह महीने के लिए 20 से 50 फीसदी तक की कटौती की जाएगी. हालांक, छह महीने के बाद सरकार काटा गया वेतन कर्मचारियों को लौटा देगी. लेकिन अब हिमाचल दिवस पर किन्नौर के रिकॉन्गप…

कार्यक्रम के दौरान सीएम ने ऐलान किया कि 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2022 के बीच रिटायर हुए सभी क्लास फॉर कर्मचारियों को मई में ग्रेच्युटी और लीव एनकैशमेंट का भुगतान सरकार कर देगी. इसके अलावा, सीएम ने किन्नौर की 21 वर्ष से अधिक आयु की सभी पात्र महिलाओं को 1500-1500 रुपये देने की घोषणा भी की. वहीं, सीएम ने कहा कि सूबे के स्कूलों में सभी छात्रों से एक समान फीस ली जाएगी. मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रिकांगपिओ के मिनी स्टेडियम में अपने संबोधन में ऐलान किया कि ईमानदार पुलिस कर्मियों को सेवानिवृति पर एक रैंक ऊपर दिया जाएगा.

हिमाचल दिवस की 78वीं वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य मार्चपास्ट की सलामी ली. मुख्यमंत्री ने किन्नौर की पात्र महिलाओं को ‘इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि’ के तहत 1500 रुपये देने की घोषणा की. साथ ही रिकांगपिओ में सभी सरकारी संस्थानों, स्कूलों और घरों को जियोथर्मल ऊर्जा आधारित केंद्रीय हीटिंग सिस्टम से जोड़ने की बात कही. तरांडा गांव को जोड़ने के लिए ट्रैफिक टनल हेतु 8 करोड़ रुपये देने, चोल्टू हाई स्कूल को सीनियर सेकेंडरी में अपग्रेड करने और किन्नौर पॉलिटेक्निक कॉलेज को रोहड़ू से उरनी स्थानांतरित करने की घोषणा भी की गई.
राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल छह माह में होगा पूरा
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि रिकांगपिओ में बन रहा राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल छह माह में पूरा होगा. 12 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित निगुलसारी-भावानगर सड़क पास हो चुकी है, जिससे किन्नौर और स्पीति के लोगों को लाभ मिलेगा. रिकांगपिओ-शिमला के बीच हेली-टैक्सी सेवा शुरू हो चुकी है. वहीं 415 करोड़ रुपये की लागत से 66 केवी पूह-काजा ट्रांसमिशन लाइन परियोजना पर कार्य शुरू किया जा रहा है, जिससे किन्नौर और स्पीति के लगभग 17,500 लोगों को लाभ होगा.

सीमा व्यापार 1 जून से फिर शुरू होगा
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि शिपकी-ला के रास्ते चीन के साथ सीमा व्यापार 1 जून से फिर शुरू होगा. कैलाश मानसरोवर यात्रा को भी इसी मार्ग से शुरू करने के प्रयास जारी हैं. सीमा पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय लोगों की आय में वृद्धि हो रही है. मुख्यमंत्री ने क्लास-1 और क्लास-2 अधिकारियों के वेतन से 3 प्रतिशत डेफरमेंट को वापस लेने की घोषणा की. साथ ही 2016 से 2021 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों की ग्रेच्युटी और लीव एनकैशमेंट मई तक जारी करने की बात कही, जिस पर 50 करोड़ रुपये खर्च होंगे. राज्य पुलिस के पात्र नॉन-गजेटेड कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के दिन एक मानद पदोन्नति (वन रैंक अप) देने की घोषणा भी की गई.

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि 16वें वित्त आयोग द्वारा राजस्व घाटा अनुदान (RDG) बंद करने से प्रदेश को हर साल 8 से 10 हजार करोड़ रुपये का नुकसान होगा. इसके बावजूद सरकार ने आम जनता पर कोई बोझ डाले बिना बजट प्रस्तुत किया है, जिसमें किसानों, बागवानों और पशुपालकों को प्राथमिकता दी गई है. सरकार ने दूध के समर्थन मूल्य में वृद्धि करते हुए गाय के दूध का मूल्य 32 से बढ़ाकर 61 रुपये और भैंस के दूध का मूल्य 47 से बढ़ाकर 71 रुपये प्रति लीटर किया है. प्राकृतिक खेती के तहत गेहूं, मक्का और हल्दी के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य भी बढ़ाया गया है. मछुआरों को मानसून बंद अवधि में 3500 रुपये का वार्षिक मानदेय देने और रॉयल्टी दर 15 प्रतिशत से घटाकर 1 प्रतिशत करने का निर्णय लिया गया है. प्रदेश के चार मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी शुरू की जा चुकी है. आईजीएमसी शिमला में पीईटी स्कैन सुविधा उपलब्ध है और टांडा मेडिकल कॉलेज में भी जल्द शुरू होगी. कई जिलों में एमआरआई और मैमोग्राफी मशीनें स्थापित की जाएंगी.

शिक्षा क्षेत्र में इस वर्ष 151 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध करने का निर्णय लिया गया है, जिससे सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ा है. धार्मिक और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ज्वालामुखी और नैना देवी में 150-150 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जाएंगे. समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए.
पीएम और राहुल गांधी ने दी बधाई
हिमाचल दिवस पर पीएम नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी बधाई दी और दोनों ने प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की प्राथर्ना की. गौर रहे कि आज ही के दिन 15 अप्रैल 1948 को हिमाचल अस्तित्व में आया था. इसके अलावा राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने हिमाचल दिवस के शुभ अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. राज्यपाल ने कहा कि 15 अप्रैल, 1948 का दिन राज्य के इतिहास में एक महत्त्वपूर्ण मील पत्थर है, क्योंकि इसी दिन 30 छोटी-बड़ी पहाड़ी रियासतों के विलय से हिमाचल प्रदेश का गठन हुआ था। उन्होंने कहा कि यह दिन न केवल ऐतिहासिक दृष्टि से महत्त्वपूर्ण है, बल्कि लोगों की एकता, समर्पण और सामूहिक संकल्प की भावना का प्रतीक भी है. राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सदैव ही देशभक्ति और बलिदान में अग्रणी रहा है इसलिए इसे वीर भूमि भी कहा जाता है। उन्होंने प्रदेश के सभी वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने देश की रक्षा में अदम्य साहस और सर्वाेच्च बलिदान का परिचय दिया.

By admin

Leave a Reply