Spread the love

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान की ओर से सीमा पर ड्रोन गतिविधियों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अब ये ड्रोन केवल तस्करी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जासूसी गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से इस्तेमाल किए जा रहे हैं।

पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन पहले की तुलना में ज्यादा अंदर तक घुसपैठ कर रहे हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थ और हथियार भेजने के साथ-साथ संवेदनशील इलाकों की निगरानी भी कर रहा है।

इसी बढ़ते खतरे को देखते हुए हाल ही में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें सीमा सुरक्षा बल (BSF), भारतीय सेना की पश्चिमी कमान, भारतीय वायु सेना चंडीगढ़, पंजाब पुलिस, नैनो साइंस सेंटर और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में ड्रोन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अन्य आधुनिक तकनीकों से निपटने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।

अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया कि सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और उन्नत एंटी-ड्रोन सिस्टम की तैनाती समय की मांग है।

आईएसआई का समर्थन, बड़ी साजिश की आशंका
बीएसएफ के एक अधिकारी के अनुसार, पाकिस्तान की इन गतिविधियों को उसकी खुफिया एजेंसी आईएसआई का पूरा समर्थन प्राप्त है। ड्रोन के जरिए तस्करी की आड़ में किसी बड़ी साजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, बीएसएफ और पंजाब पुलिस ने कई प्रयासों को समय रहते विफल किया है।

विस्फोटक सामग्री गिराने की भी कोशिश
पंजाब पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ड्रोन अब केवल नशा और हथियार ही नहीं, बल्कि आईईडी, आरडीएक्स, बैटरी और हैंड ग्रेनेड जैसी विस्फोटक सामग्री भी गिराने की कोशिश कर रहे हैं।

सीमा पर एंटी-ड्रोन सिस्टम पूरी तरह सक्रिय है और सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। साथ ही, राज्य में विभिन्न संस्थानों को मिल रही धमकियों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है।

By admin

Leave a Reply