Spread the love

Times Himachal : धर्मशाला नगर निकाय और पंचायती राज चुनावों से ठीक पहले धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में बड़ा राजनीतिक उलटफेर हुआ है। युवा कांग्रेस के अध्यक्ष एवं नगर निगम के पूर्व मनोनीत पार्षद अभिषेक आनंद (शेखू) ने कांग्रेस का हाथ छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया है। सोमवार को उन्होंने भाजपा विधायक सुधीर शर्मा के घर पहुंचकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

अभिषेक आनंद का पार्टी में स्वागत करते हुए विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की नीतियों के प्रति युवाओं के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि अभिषेक के अनुभव और ऊर्जा से भाजपा संगठन को नई मजबूती मिलेगी और धर्मशाला के विकास कार्यों में तेजी आएगी।

सुधीर शर्मा ने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा युवाओं को नेतृत्व का सशक्त मंच प्रदान करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। अभिषेक आनंद का भाजपा में जाना कांग्रेस के लिए एक बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय राजनीति के जानकारों का मानना है कि चुनावों के इस दौर में एक सक्रिय युवा नेता का पार्टी छोड़ना कांग्रेस के समीकरण बिगाड़ सकता है। अभिषेक आनंद ने भाजपा की कार्यशैली पर भरोसा जताते हुए विकास की मुख्यधारा से जुड़ने का संकल्प लिया।

By admin

Leave a Reply