हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित की तिथि तय कर दी है। शनिवार को बोर्ड की ओर से इस संबंध में जानकारी दी गई। इसी के साथ परीक्ष परिणाम को लेकर हजारों विद्यार्थियों का इंतजार भी खत्म हो गया है। परीक्षा परिणाम घोषित करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है और डाटा संकलन और रिजल्ट प्रोसेसिंग का कार्य अंतिम चरण में है।
12वीं में 81,411 अभ्यर्थी पंजीकृत हुए थे
प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला की ओर से कक्षा 12वीं के विज्ञान, वाणिज्य एवं कला सभी संकायों के परीक्षा परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे। बोर्ड की ओर से सोमवार सुबह करीब 11:00 परीक्षा परिणाम घोषित किया जाएगा। इस वर्ष 12वीं कक्षा की परीक्षा में कुल 81,411 अभ्यर्थी पंजीकृत हुए थे, जबकि 10वीं कक्षा में 93,564 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी है। दोनों ही कक्षाओं के परिणाम को लेकर छात्रों और अभिभावकों में काफी उत्सुकता बनी हुई है। खासकर 12वीं के विद्यार्थी उच्च शिक्षा और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रवेश की प्रक्रिया को लेकर रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वहीं इस संदर्भ में शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा का कहना है कि 12वीं कक्षा का परिणाम 4 मई को घोषित कर दिया जाएगा।
