Times Himachal : हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के एसडीएम कार्यालय और न्यायिक परिसर रोहड़ू को सोशल मीडिया के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे परिसर को खाली करवा दिया है। सड़क में परिसर के सामने वाहनों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई है। ऐतिहातन लोगों की सुरक्षा को देखते हुए शिमला से डॉग स्क्वायड को मंगवाया गया है। मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और सीआईडी के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए हैं और मामले की छानबीन की जा रही है।
इस तरह की पहली घटना
शिमला में इस तरह की यह पहली घटना है, जिसके बाद जांच एजेंसी अलर्ट हो गई है। इससे पहले हिमाचल समेत राजधानी शिमला में न्यायालयों और सरकारी संस्थाओं और निजी स्कूलों को ईमेल पर बम से उड़ने की धमकियां भी मिल चुकी हैं। इससे जिला समेत प्रदेश में लोगों के बीच खौफ का माहौल बना हुआ है। पुलिस और सीआईडी की टीम ने माैके पर लोगों से पूछताछ के साथ ही इस तरह के धमकी भरे पोस्टर लिखने वालों की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है।
