व्हिटेकर परिवार दुनिया के सबसे चर्चित और रहस्यमयी परिवारों में गिना जाता है। अमेरिका के Odd नाम के छोटे से गांव में रहने वाला यह परिवार वर्षों से जेनेटिक समस्याओं और सामाजिक अलगाव के कारण सुर्खियों में बना हुआ है।
बताया जाता है कि इस परिवार की कहानी 1880 के दशक से शुरू हुई, जब परिवार के भीतर ही रिश्तेदारी में शादियों का सिलसिला चलता रहा। लगातार पीढ़ियों तक कजिन मैरिज होने के कारण परिवार के कई सदस्यों में गंभीर शारीरिक और मानसिक समस्याएं देखने को मिलीं। आज स्थिति यह है कि परिवार के कुछ सदस्य ठीक से बोल भी नहीं पाते और इशारों या अलग तरह की आवाजों से संवाद करते हैं।
परिवार में रॉय, लोरेन और टिम्मी जैसे सदस्य नॉन-वर्बल बताए जाते हैं, जबकि बेट्टी परिवार की इकलौती सदस्य हैं जो सामान्य रूप से बात कर सकती हैं। उन्होंने पूरी जिंदगी अपने भाई-बहनों की देखभाल में समर्पित कर दी।
इस परिवार को दुनिया के सामने लाने का काम फोटोग्राफर मार्क लैटा ने किया। साल 2004 में पहली बार उन्होंने परिवार की तस्वीरें खींचीं और बाद में 2020 में बनाया गया उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो को करोड़ों लोगों ने देखा और परिवार की हालत देखकर हैरानी जताई।
व्हिटेकर परिवार लंबे समय तक बाहरी दुनिया से पूरी तरह अलग रहा। पड़ोसी उनकी सुरक्षा भी करते हैं और उनसे दूरी भी बनाए रखते हैं। परिवार की कोई आधिकारिक मेडिकल जांच सार्वजनिक नहीं हुई, जिससे उनकी बीमारियों का सही कारण अब भी रहस्य बना हुआ है।
साल 2022 में परिवार की मदद के लिए एक ऑनलाइन फंडरेजिंग कैंपेन भी शुरू किया गया, जिसमें हजारों डॉलर जुटाए गए। वहीं, 2024 में प्रशासन द्वारा परिवार के कुछ सदस्यों को घर से अलग किए जाने के बाद यह मामला फिर चर्चा में आ गया।




