Times Himachal : हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के मैहतपुर टोल बैरियर पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पंजाब की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार अचानक बेरिकेड्स को तोड़ते हुए वहां खड़े कर्मचारियों से जा टकराई। इस पूरी घटना का खौफनाक सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
चंद सैकेंड में मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टोल बैरियर पर सब कुछ सामान्य चल रहा था। तभी पंजाब की ओर से आ रही एक कार के चालक ने अचानक स्टीयरिंग से अपना नियंत्रण खो दिया। पलक झपकते ही बेकाबू कार सीधे बेरिकेड्स को तोड़ती हुई आगे घुसी। रफ्तार इतनी तेज थी कि मौके पर ड्यूटी कर रहे एक टोल कर्मचारी और एक पुलिसकर्मी को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वे कार की चपेट में आ गए।
