Times Himachal : मंडी जिला पुलिस द्वारा नशे के सौदागरों के खिलाफ छेड़े गए विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना औट की टीम ने नाकाबंदी के दौरान भारी मात्रा में चरस बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 5 जुलाई को औट थाना पुलिस की एक टीम झलोगी दवाड़ा फ्लाईओवर के समीप मौजूद थी। टीम ने वहां आने-जाने वाले वाहनों की नियमित जांच और नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक व्यक्ति की तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से 3.66 किलोग्राम चरस बरामद हुई। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
आरोपी सोलन का निवासी कोर्ट में पेशी आज
पुलिस ने चरस को कब्जे में लेकर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान आशीष ठाकुर निवासी तहसील कसौली जिला सोलन हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नशे के खिलाफ जिला पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह चरस कहां से लाया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। मामले में आगामी छानबीन गहनता से की जा रही है।
