Spread the love

Times Himachal : केरल के वायनाड में हुए विनाशकारी भूस्खलन में लापता हुए उपमंडल फतेहपुर के सुरेला गांव निवासी प्रोजेक्ट मैनेजर विक्रम (50) का शव छठे दिन बाद बरामद हुआ है। इस दुखद खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

विक्रम, जो डीवीएल कंपनी में बतौर इंजीनियर कार्यरत थे, कंपनी के प्रोजेक्ट कार्य के सिलसिले में वायनाड में तैनात थे। सात जुलाई को अपराह्न लगभग 11:09 बजे के बाद उनका अपने परिवार से संपर्क टूट गया था। तब से, परिजन उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए थे। आठ जुलाई को परिजन वायनाड पहुंचे और प्रशासन के साथ मिलकर लगातार संपर्क बनाए रखा।

रविवार दोपहर लगभग 12 बजे, एक गहन खोज अभियान के दौरान, विक्रम का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। विक्रम के भाई प्रमोद राणा ने बताया कि रविवार को उनके भाई का शव बरामद हुआ है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और पार्थिव शरीर के सोमवार देर शाम तक पैतृक गांव पहुंचने की उम्मीद है।

विक्रम अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। पिछले पांच दिनों से परिवार गहरे सदमे में था और घर में चूल्हा तक नहीं जला था। सभी परिजन उनकी सकुशल वापसी की प्रार्थना कर रहे थे, लेकिन शव मिलने की सूचना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना ने क्षेत्र में मातम का माहौल बना दिया है।

By admin

Leave a Reply