Spread the love

Times Himachal : नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स कुल्लू की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने पुलिस थाना औट (जिला मंडी) के अंतर्गत आने वाले गांव नगवाईं में एक रिहायशी मकान में दबिश देकर 11.1 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने मौके से एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह एसटीएफ कुल्लू की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि नगवाईं गांव के एक मकान में नशे की खेप रखी गई है। इस सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चिन्हित रिहायशी मकान पर छापा मारा। जब पुलिस टीम अंदर गई तो घर के एक कमरे में मकान मालिक विवेक कुमार उर्फ कन्नू (27) और एक युवती किरन निवासी गांव व डाकघर न्यूली, जिला कुल्लू मौजूद थे।

पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एसटीएफ की टीम ने स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों को गवाह के तौर पर मौके पर बुलाया। उनकी मौजूदगी में कमरे की गहनता से तलाशी ली गई, जिसके दौरान आरोपी विवेक के कमरे से 11.1 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। एसटीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इन दोनों के खिलाफ पुलिस थाना औट में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

डीएसपी एसटीएफ कुल्लू हेम राज वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगामी कानूनी कार्रवाई और जांच औट पुलिस थाना द्वारा नियमानुसार अमल में लाई जा रही है। डीएसपी ने कड़े शब्दों में स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्रवाई केवल इन गिरफ्तारियों तक सीमित नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि बरामद चिट्टे का मुख्य स्रोत क्या है, इसकी सप्लाई चेन, इसमें शामिल वित्तीय लेन-देन और इस अवैध नैटवर्क से जुड़े अन्य मास्टरमाइंड्स की संलिप्तता की गहनता से जांच की जा रही है, ताकि नशे के इस पूरे नैटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।

By admin

Leave a Reply