Times Himachal : हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरैंस की नीति से काम कर रही बिलासपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिला पुलिस ने चिट्टा तस्करी के एक बड़े अंतर्राज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पंजाब के अमृतसर से इस रैकेट के मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चिट्टा, एक अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस पूरे नैटवर्क का खुलासा 27 जुलाई को हुई एक कार्रवाई के बाद हुआ। बिलासपुर पुलिस की स्पैशल डिटैक्शन टीम ने स्वारघाट थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान तीन तस्करों को 27.60 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुनील कुमार (48) और अनिल राठी (30) दोनों निवासी राजलुगड़ी, डाकघर गनौर, जिला सोनीपत (हरियाणा) तथा नीरत सिंह (41) निवासी लपाह, डाकघर मदाना व जिला कुल्लू के रूप में हुई थी। इस संदर्भ में स्वारघाट थाने में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ की और उनके डिजिटल व इलैक्ट्रॉनिक साक्ष्योंका गहराई से विश्लेषण किया। जांच में यह तथ्य सामने आया कि बरामद किया गया चिट्टा पंजाब के अमृतसर निवासी विजय कुमार से खरीदा गया था। पुख्ता सुराग मिलने के बाद बिलासपुर पुलिस की एक विशेष टीम ने पंजाब का रुख किया। टीम ने गत दिवस अमृतसर के सुल्तानविंड क्षेत्र में दबिश देकर मुख्य सप्लायर विजय कुमार पुत्र प्रेम कुमार को धर दबोचा। जब पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से 12.46 ग्राम चिट्टा, 1 अवैध पिस्टल और 7 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
5 मामलों में पहले से नामजद है शातिर तस्कर
पुलिस जांच में यह भी सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि विजय कुमार लंबे समय से हिमाचल प्रदेश में चिट्टे की सप्लाई कर रहा था। वह आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ हिमाचल व पंजाब में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से ही 5 मामले दर्ज हैं। ये मामले अमृतसर (पंजाब) के साथ-साथ हिमाचल के कुल्लू और ऊना जिलों में हैरोइन तस्करी से जुड़े हैं।
