Times Himachal : नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने, जनादेश का अपमान करने तथा प्रशासन का राजनीतिक दुरुपयोग करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार अब जनता से नहीं बल्कि जनता के फैसले से डरने लगी है। पंचायत और शहरी निकाय चुनाव के परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपना मन बना चुकी है और यही कारण है कि सरकार चुनाव प्रक्रिया को हर स्तर पर बाधित करने का प्रयास करती रही। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री को पहले से अंदेशा था कि चुनाव परिणाम कांग्रेस के खिलाफ जाएंगे और वही हुआ।
पंचायतों, ब्लॉक समितियों, नगर निकायों और जिला परिषदों के परिणामों ने स्पष्ट कर दिया कि जनता कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों को अस्वीकार कर चुकी है। उन्होंने कहा कि 12 जिलों में से 10 जिलों में जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिनमें नाै जिलों में कांग्रेस अपने प्रत्याशी तक खड़े नहीं कर सकी और भाजपा समर्थित उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की लगभग 70 प्रतिशत ग्राम पंचायतों में भाजपा समर्थित प्रधान चुने गए हैं। नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनावों में भी जनता ने कांग्रेस को स्पष्ट संदेश दिया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि शिमला जिला परिषद में कुल 25 निर्वाचित सदस्य हैं, जिनमें 13 भाजपा समर्थित सदस्य निर्वाचित हुए हैं तथा अन्य सदस्यों का भी भाजपा को समर्थन प्राप्त है। इसके बावजूद सरकार चुनाव की तिथि घोषित नहीं कर रही। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन मुख्यमंत्री के राजनीतिक दबाव में कार्य कर रहा है और लोकतंत्र का गला घोंटने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि डीसी कार्यालय कांग्रेस का जिला कार्यालय नहीं बन सकता। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों से वह स्वयं उपायुक्त शिमला से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उन्हें बात तक करने का समय नहीं दिया गया। यह स्थिति अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यदि दो दिनों के भीतर शिमला जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव की तिथि घोषित नहीं की गई, तो भाजपा के सभी निर्वाचित जिला परिषद सदस्य उच्च न्यायालय में अपना पक्ष रखेंगे। यदि इसके बाद भी चुनाव प्रक्रिया नहीं कराई गई तो भाजपा जिला उपायुक्त कार्यालय के बाहर लोकतांत्रिक प्रदर्शन करेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसी स्थिति में कानून-व्यवस्था बिगड़ती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री और प्रशासन की होगी।
