Spread the love

Times Himachal : कांगड़ा जिले के पालमपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां बीते सोमवार को एक युवक उस समय सकते में आ गया, जब चलती स्कूटी में अचानक एक सांप उसकी बाजू से आकर लिपट गया। कुछ पल के लिए युवक की सांसें थम गईं, परंतु गनीमत रही कि सांप ने उसे डंसा नहीं।

जानकारी के अनुसार पालमपुर में कार्यरत रजनाली निवासी राकेश कुमार सोमवार को अपने घर से स्कूटी पर पालमपुर बाजार की ओर आ रहा था। जैसे ही वह बंदला छिड़ चौक के समीप पहुंचा, उसे अपनी बाजू पर कुछ हरकत महसूस हुई। जब उसने ध्यान से देखा तो एक सांप उसकी बाजू से लिपट रहा था। अचानक सामने आए इस दृश्य से वह घबरा गया और उसने तत्काल स्कूटी सड़क किनारे रोक दी। राकेश के स्कूटी से नीचे उतरते ही सांप स्कूटी के अगले हिस्से में बने मीटर कंसोल के अंदर घुस गया। बाद में राकेश ने सावधानीपूर्वक मीटर कंसोल को खोला। कंसोल खुलते ही सांप बाहर निकला और पास की झाड़ियों में चला गया।

बताया जा रहा है कि संभवतः जब राकेश ने स्कूटी को घर में खड़ा किया था, उसी दौरान कोई सांप स्कूटी के अगले हिस्से में सुरक्षित स्थान समझकर छिप गया होगा। स्कूटी चलने के बाद कंपन और हलचल होने पर सांप बाहर निकलने का प्रयास कर रहा था और इसी दौरान वह चालक की बाजू तक पहुंच गया।

By admin

Leave a Reply