Times Himachal : नगर परिषद नाहन में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के लिए वसूले गए यूजर चार्ज की राशि में कथित गबन और रिकॉर्ड में अनियमितता के मामले में पुलिस ने कार्रवाई अमल में लाई है। पुलिस ने नगर परिषद नाहन के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, नगर परिषद नाहन द्वारा डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के लिए नितिन कल्याण, निवासी वाल्मीकि बस्ती नाहन, जो सीएलसी के माध्यम से आऊटसोर्स सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत था, को यूजर चार्ज वसूली के लिए रसीद पुस्तिकाएं जारी की गई थीं। शिकायत के अनुसार, जून 2023 से 15 सितम्बर 2025 तक नितिन कल्याण द्वारा कुल 11,18,660 रुपए यूजर चार्ज के रूप में एकत्रित किए गए। इनमें से नगर परिषद के संबंधित कर्मचारी अहसान अहमद, हैल्पर के पास केवल 5,93,450 रुपए ही जमा करवाए गए। इस प्रकार 5,25,210 रुपए की राशि कम जमा पाई गई, जिसके कथित रूप से गबन किए जाने का आरोप है।
इसके अतिरिक्त 3,94,300 रुपए की राशि से संबंधित डुप्लीकेट रसीदें उपलब्ध नहीं होने की बात भी शिकायत में कही गई है। जारी की गई कुल 16 रसीद पुस्तिकाओं में से 5 रसीद पुस्तिकाएं और संबंधित रिकॉर्ड भी नगर परिषद कार्यालय में वापस जमा नहीं होने का उल्लेख है। शिकायत में दोनों कर्मचारियों पर आपसी मिलीभगत से सरकारी धन के कथित गवन और रिकॉर्ड में अनियमितता के आरोप लगाए गए हैं। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि इस संदर्भ में केस दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी है।
