Spread the love

Times Himachal : ज्वालामुखी के वार्ड नंबर-5 स्थित प्राचीन शनि देव मंदिर में मूर्तियां खंडित करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान रेंखा निवासी वीरेंद्र सिंह उर्फ विक्की के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।

जानकारी के अनुसार बीते बुधवार की सुबह जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मंदिर की मुख्य मूर्ति और पास ही स्थापित शिवलिंग को खंडित किया गया है। मंदिर में तोड़फोड़ की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। धार्मिक आस्था से जुड़े इस मामले को लेकर लोगों में भारी रोष देखने को मिला और स्थानीय लोगों ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी चिंता व्यक्त की।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने लोगों को शांत करवाया और त्वरित जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने मंदिर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान सुनिश्चित की गई। इसके बाद पुलिस टीमों ने विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी और कुछ ही घंटों में आरोपी वीरेंद्र सिंह उर्फ विक्की को धर दबोचा।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह पहलू भी सामने आया है कि इस क्षेत्र में शनि देव मंदिर के अलावा पूर्व में भी कुछ अन्य स्थानों पर मूर्तियां खंडित किए जाने की घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि क्या उन पुरानी घटनाओं में भी इसी आरोपी का हाथ है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अन्य मामलों में आरोपी की भूमिका को लेकर अंतिम स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

By admin

Leave a Reply