Times Himachal : हिमाचल प्रदेश में सेब की फसल तैयार करना जितना मेहनत का काम है, उसे बगीचे से स्टोर तक पहुंचाना भी उतना ही मुश्किल है। पहाड़ी ढलानों पर बसे बगीचों में सेब की पेटियां उठाकर ले जाने के लिए मजदूरों की जरूरत पड़ती है। लेकिन सेब सीजन में मजदूर आसानी से नहीं मिलते। ऐसे में शिमला जिले के कोटखाई के एक बागवान ने इसका नया रास्ता निकाला है।
ढांगवी गांव के बागवान सुनील चौहान ने अपने बगीचे में मोनोरेल लगाई है। अब सेब की पेटियां ढलानदार जमीन से स्टोर तक पहुंचाने के लिए उन्हें पूरी तरह मजदूरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इस व्यवस्था का सफल परीक्षण भी किया जा चुका है।
100 मीटर लंबा ट्रैक, एक बार में 500 किलो सेब
सुनील चौहान ने अपने बगीचे में 100 मीटर लंबा मोनोरेल ट्रैक तैयार करवाया है। इसमें नौ हॉर्स पावर का इंजन लगाया गया है। बागवान के मुताबिक, यह मोनोरेल एक बार में करीब 500 किलो सेब ले जा सकती है। खास बात यह है कि उनके अनुसार, यह 45 डिग्री तक की ढलान पर भी काम कर सकती है। इससे उन बगीचों में सेब की ढुलाई आसान होने की उम्मीद है, जहां सड़क बनाना मुश्किल होता है।
