Times Himachal : हिमाचल प्रदेश में नए जिलों के निर्माण और प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन को लेकर राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश में जनता की सुविधा और प्रशासनिक कामकाज में तेजी लाने के उद्देश्य से सरकार ने एक 4 सदस्यीय आयोग का गठन किया है। राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार इस आयोग में कुल चार सदस्य होंगे। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश सेवानिवृत्त जस्टिस धर्म चंद चौधरी को इस महत्वपूर्ण आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनके अलावा, एडवोकेट विशाल पंवार और रिटायर्ड आईएफएस अधिकारी राजेश शर्मा को आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के भू-अभिलेख निदेशक इस आयोग के सदस्य सचिव के रूप में कार्य करेंगे।
