Times Himachal : हिमाचल प्रदेश के रामपुर बुशहर में हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से 22 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। हादसा अपर ढकोलड़ मोड़ के पास नोगली-रामपुर ओल्ड फीडर पर हुआ, जहां एक दूरसंचार कंपनी का काम चल रहा था। मामले में विद्युत बोर्ड की शिकायत पर पुलिस ने ठेकेदार और साइट सुपरवाइजर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विद्युत बोर्ड के रामपुर-1 अनुभाग में तैनात कनिष्ठ अभियंता मनोज टैगोर ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के अनुसार, लाइन का निरीक्षण करने के दौरान दूरसंचार कंपनी का खंभा चालू बिजली लाइन को छूता हुआ पाया गया। आरोप है कि ठेकेदार और साइट सुपरवाइजर ने काम शुरू करने से पहले विद्युत बोर्ड को सूचना नहीं दी थी। इसके अलावा, सुरक्षा के मद्देनजर बिजली आपूर्ति बंद करवाने के लिए आवश्यक अनुमति भी नहीं ली गई थी।
पुलिस हादसे के कारणों की कर रही जांच
विद्युत बोर्ड की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना रामपुर में ठेकेदार और साइट सुपरवाइजर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस हादसे के कारणों और काम के दौरान सुरक्षा संबंधी नियमों के पालन की जांच कर रही है।
