Times Himachal : पारंपरिक खेती में कम आमदनी से जूझ रहे किसानों के लिए ड्रैगन फ्रूट की बागवानी कमाई का नया रास्ता बन रही है। सरकाघाट उपमंडल के भरनाल गांव के प्रगतिशील बागवान रूप लाल ने महज दो बीघा जमीन पर ड्रैगन फ्रूट उगाकर पहली व्यावसायिक पैदावार के सीजन में करीब दो लाख रुपये की आमदनी हासिल की है। गांव के ही टेक चंद भी दो बीघा जमीन पर इस फल की खेती कर रहे हैं। प्रदेश सरकार की योजना के तहत बगीचे की स्थापना लागत पर 50 प्रतिशत अनुदान मिलने से दोनों बागवानों को नई शुरुआत करने में मदद मिली है।
2023 में मिली जानकारी, 400 पौधों से शुरू की खेती
रूप लाल ने बताया कि वर्ष 2023 में उन्हें बागवानी विभाग, सरकाघाट के माध्यम से ड्रैगन फ्रूट की खेती की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने गोपालपुर की पंजीकृत नर्सरी से जंबो रेड फ्लेश किस्म के करीब 400 पौधे खरीदे और खेत में लगाए। पौधों को सहारा देने के लिए उन्होंने आरसीसी रिंग पोल तकनीक अपनाई। बगीचे की स्थापना पर उन्हें सरकार की ओर से 50 प्रतिशत अनुदान मिला।
तीसरे साल मिली पहली व्यावसायिक पैदावार
रूप लाल ने पौधों की देखभाल में प्राकृतिक और जैविक विधियों को प्राथमिकता दी। बगीचा लगाने के तीसरे वर्ष उन्हें पहली व्यावसायिक पैदावार मिली। एक सीजन में अब तक पांच से छह बार फलों की तुड़ाई हो चुकी है। बाजार में ड्रैगन फ्रूट करीब 180 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक रहा है। रूप लाल के अनुसार, दो बीघा जमीन से पहली व्यावसायिक पैदावार के दौरान करीब दो लाख रुपये की आमदनी हुई है। उत्पादन बढ़ने के साथ भविष्य में कमाई बढ़ने की भी उम्मीद है।
ड्रैगन फ्रूट की बागवानी में आरसीसी रिंग पोल ट्रेलिस तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है। इसमें एक पोल के चारों ओर चार पौधे लगाए जाते हैं। यह व्यवस्था पौधों को सहारा देने और उनके बेहतर प्रबंधन में मदद करती है। बगीचे में पौधों के बीच खाली जगह का उपयोग उपयुक्त सह-फसलें उगाने के लिए भी किया जा सकता है। इससे किसान मुख्य फसल के साथ अतिरिक्त आमदनी हासिल करने की संभावना तलाश सकते हैं। भरनाल के दोनों बागवानों की पहल से क्षेत्र में वैकल्पिक फसलों और बागवानी के प्रति किसानों का रुझान बढ़ने की उम्मीद है।
