Spread the love

Times Himachal : जिला मुख्यालय के जरजा क्षेत्र में चूने में पानी मिलाने के दौरान हुए हादसे में एक महिला का चेहरा, आंखें और हाथ झुलस गए। महिला के अनुसार बाल्टी में चूना डालकर पानी मिलाने के कुछ देर बाद बुलबुले उठने लगे। बुलबुले शांत होने के चार-पांच मिनट बाद अचानक तेज धमाका हुआ और गर्म मिश्रण उछलकर उसके चेहरे पर जा गिरा।

परिजन उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज नाहन ले गए, जहां उपचार के लिए भर्ती किया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत खतरे से बाहर है। जरजा निवासी सविता देवी ने बताया कि उनके पति स्थानीय बाजार से चूना खरीदकर घर लाए थे। शाम को उन्होंने बाल्टी में चूना डालकर पानी मिलाया। कुछ ही देर में उसमें बुलबुले उठने लगे। बुलबुले शांत होने के बाद वह सामान्य समझकर पास ही थीं कि करीब चार-पांच मिनट बाद अचानक मिश्रण उछल पड़ा।  गर्म चूना चेहरे पर गिरने से वह नीचे गिर गईं। इसी क्षेत्र में एक अन्य 60 वर्षीय राजेंद्र के साथ भी चूने के कारण आंखों को नुकसान पहुंचने की सूचना है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से सफेदी का काम करते हैं। मेडिकल कॉलेज नाहन  के नेत्र विभाग की एचओडी डॉ. शालू गुप्ता ने बताया कि जांच के बाद महिला को अस्पताल में भर्ती किया गया।
साफ-सफाई और पटाखे चलाते रहें सतर्क : चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रेणु चौहान ने लोगों से त्योहारों के दौरान साफ-सफाई और पटाखे चलाते समय सावधानी बरतने की अपील की। कहा कि चूने में पानी मिलाने पर रासायनिक प्रतिक्रिया के कारण काफी गर्मी पैदा हो सकती है। ऐसे में मिश्रण उबलने, छींटे पड़ने और त्वचा या आंखों को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है।

By admin

Leave a Reply