Times Himachal : शेयर बाजार में निवेश के नाम पर राजधानी में रहने वाली सेवानिवृत्त अधिकारी के साथ 37 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने पहले बुजुर्ग को मुनाफे का झांसा देकर व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा और इसके बाद 50,000 रुपये के निवेश पर कुछ ही दिनों में 10,000 रुपये का मुनाफा दिखा दिया।
इसी जाल में फंसकर बुजुर्ग ने लाखों रुपये की अपनी जिंदगी भर की जमापूंजी निवेश के नाम पर अपराधियों के खातों में ट्रांसफर कर दी, लेकिन जब वह अपनी रकम को निकालने की कोशिश करने लगे तो उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। साइबर क्राइम सेल शिमला ने अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318 के तहत प्राथमिकी दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पंथाघाटी में रहने वाले बुजुर्ग ने बताया कि अगस्त में उन्हें इक्विरस इन्वेस्टमेंट के नाम से शेयर बाजार में निवेश करने का प्रलोभन दिया गया। इसके बाद उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। इसमें उन्हें निवेश को लेकर तरह-तरह के झांसे दिए गए। विश्वास करके उन्होंने पहले 50,000 रुपये का निवेश किया। कुछ ही दिनों में उन्हें दस हजार रुपये का मुनाफा दिखाई दिया। इससे विश्वास बढ़ा और उन्होंने कुछ ही दिनों में 37,00000 रुपये का निवेश कर दिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि दो महीनों में ही उनकी रकम उन्हें मुनाफे के साथ 79,00000 रुपये दिखाने लगा।
