Times Himachal : हिमाचल प्रदेश के नाहन स्थित जरजा क्षेत्र में घर की सफेदी के लिए बाल्टी में घोला गया चूना हादसे की वजह बन गया। चूने में पानी मिलाते समय हुई अचानक रासायनिक प्रतिक्रिया के कारण खौलता हुआ मिश्रण उछलकर एक महिला के चेहरे पर जा गिरा। इस हादसे में महिला का चेहरा, आंख और हाथ झुलस गए। घटना के तुरंत बाद परिजन घायल महिला को डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कर लिया गया है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत खतरे से बाहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जरजा निवासी सविता देवी के पति घर में सफेदी (पुताई) कराने के लिए स्थानीय बाजार से चूना खरीदकर लाए थे। सविता देवी ने एक बाल्टी में चूना डालकर उसमें पानी मिलाया। पानी डालते ही मिश्रण में तेज उबाल के साथ बुलबुले उठने लगे। कुछ देर बाद जब बुलबुलों का उठना बंद हो गया, तो उन्होंने इसे सामान्य प्रक्रिया मान लिया। लेकिन चंद मिनटों बाद ही मिश्रण में अचानक दोबारा तीव्र रासायनिक प्रतिक्रिया हुई और खौलता हुआ चूना उछलकर सीधे उनके चेहरे और हाथों पर आ गिरा। गर्म मिश्रण की चपेट में आते ही असहनीय जलन के कारण महिला अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
हादसे के तुरंत बाद परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए सविता देवी को मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया, जहां आपातकालीन विभाग में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। चिकित्सकीय जांच के अनुसार, चूने के तेज रासायनिक प्रभाव से महिला के चेहरे का एक हिस्सा और हाथ झुलसे हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि समय रहते इलाज मिलने से उनकी आंख सुरक्षित बच गई है और रोशनी को कोई नुक्सान नहीं पहुंचा है। चिकित्सकों का कहना है कि महिला की स्थिति पूरी तरह स्थिर है और उनका विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उपचार चल रहा है।
