जबलपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक निजी अस्पताल में भीषण आग लगने से 10 लोग जिंदा जल गये. कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं. एसपी ने मौत की पुष्टि की है. मरने वालों में अस्पताल के कर्मचारी हो सकते हैं. आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गयी. आग जबलपुर के चंडाल भाटा इलाके में न्यू लाइफ मल्टीस्पेशलिटी में लगी है. इस घटना से चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल है. दमकल वाहन आग पर काबू पा रहे हैं. अस्पताल के मरीजों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया जा रहा है. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने इस घटना पर दुख जाताया है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मृतकों के परिवार को पांच लाख रुपये सहायता राशि देने का ऐलान किया है. बताया गया कि शार्ट सर्किट के कारण अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर पर आग लगी, जो पूरे अस्पताल में फैल गयी.
जबलपुर के कलेक्टर इलैया राजा ने कहा कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। साथ ही उन्होंने जांच के आदेश दे दिए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने जबलपुर की घटना पर दुख प्रकट किया है। मध्यप्रदेश सरकार ने मरने वालों के परिवारों के लिए पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
मिली जानकारी के मुताबिक कम से कम अभी तक 10 लोगों की मौत हुई है। आग लगने के बाद मरीजों और अस्पताल के स्टाफ में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल में फंसे मरीज और उनके परिजनों को निकालने के लिए बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। घटनास्थल पर मौजूद कलेक्टर इलैया राजा ने चार मौतों की पुष्टि की है। उन्होंने यह भी कहा कि मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है। मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की जाएगी। हमारा पहला फोकस आग पर काबू पाना और मरीजों व परिजनों को बचाना है।
कमलनाथ ने भी जताया दुख
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि जबलपुर के एक निजी अस्पताल में आग लगने से कई लोगों की मृत्यु होने और बहुत से लोगों के हताहत होने का समाचार प्राप्त हुआ। यह अत्यंत पीड़ादायक घटना है। मैं मृतकों की आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं। अग्निकांड में झुलसे लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
