Times Himachal : हिमाचल प्रदेश में ऑनलाइन नौकरी के नाम पर बेरोजगार युवाओं से भारी साइबर ठगी हो रही है। नौ महीनों में जॉब स्कैम की 378 शिकायतें साइबर क्राइम सेल पहुंची हैं। इन मामलों में शातिर ठगों ने युवाओं से दो करोड़ रुपये की रकम ऐंठी है।
ठगों के निशाने पर ऑनलाइन नौकरी तलाश रहे युवा हैं। साइबर ठग सोशल साइटों पर लुभावने विज्ञापन और प्रलोभन देकर धोखाधड़ी को अंजाम दे रहे हैं। युवाओं को डाटा एंट्री, पैराग्राफ राइटिंग, पार्ट-टाइम और सोशल मीडिया टास्क का झांसा दिया जाता है। इसके अलावा विदेशी नौकरियों, पैकेज रिसिपर या लॉजिस्टिक्स मैनेजर की नौकरी देने के नाम पर भी फंसाया जा रहा है। चिंता की बात यह है कि 378 शिकायतें केवल वे हैं, जिनकी जानकारी साइबर हेल्पलाइन नंबर पर दी गई है।
वास्तविकता में प्रदेश के हजारों युवाओं को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। ठग बेहतरीन नौकरी का झांसा देकर युवाओं का विश्वास जीतते हैं। इसके बाद पंजीकरण फीस, सत्यापन, ट्रेनिंग मेटेरियल, सॉफ्टवेयर, यूनिफॉर्म या वीजा फीस के नाम पर पैसे मांगे जाते हैं।
