Times Himachal : दीपावली पर्व के बाद गोवर्धन पूजा और भगवान विश्वकर्मा की आराधना के अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को अपने सरकारी आवास ओक ओवर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार दोनों देवताओं की पूजा कर हिमाचल प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर उन्नति की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गोवर्धन पूजा के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रकृति, गौवंश और पर्यावरण के संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने इस पर्व को प्रकृति के प्रति सम्मान और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी से जोड़ते हुए पर्यावरण के प्रति संवेदनशील रहने का आह्वान किया।
वहीं, भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना के माध्यम से उन्होंने निर्माण, शिल्प, तकनीक और श्रम से जुड़े कार्यों के महत्व को भी दर्शाया। विश्वकर्मा पूजा को मेहनतकश लोगों, कारीगरों और तकनीकी कार्यों से जुड़े वर्गों के योगदान के सम्मान का अवसर माना जाता है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा और विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आने की कामना की।
