सोलन : सोलन में परमाणु-शिमला फोरलेन प्रोजेक्ट के दूसरे चरण चंबाघाट-कैथलीघाट का निर्माण इन दिनों चल रहा है। सड़क निर्माण के लिए ऊंची-सीधी कटिंग के कारण बरसात पड़ते ही पहाड़ियां दरकने लग गई हैं। चंबाघाट से कंडाघाट के बीच कई स्थानों पर भारी मात्रा में पत्थर और मलबा NH पर गिर रहा है। क्षेत्र में पहाड़ी की ओर की डबल लेन ट्रैफिक के लिए बंद हो गई है। दोनों और का ट्रैफिक एक ही साइड से चलाया जा रहा है।
सलोगड़ा से कंडाघाट के बीच कटिंग का काम चल रहा है। मनसार के पास पहाड़ी में कटिंग की तो यहां लगातार लैंड स्लाइड हो रही है। यहां गाड़ियां भी रुक-रुककर निकलती हैं, लेकिन सेफ्टी के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। मनसार एरिया में फोरलेन का काम करते हुए करीब 3 माह पहले अचानक पहाड़ी से मलबा गिरने से एक कामगार की मौत हो चुकी है, जबकि पत्थर गिरने से पर्यटकों की गाड़ी को नुकसान पहुंचा है।
परमाणु-शिमला फोरलेन प्रोजेक्ट के पहले चरण में भी इसी तरह पहाड़ी पर ऊंची कटिंग की गई थी। इससे जाबली एरिया में लंबे समय तक भूस्खलन होता रहा। इसी कारण इस सड़क को बनने में 4 साल की देरी हो गई। अब यही गलती दूसरे चरण में भी दोहराई गई है।
SDM सोलन विवेक शर्मा से इस बारे में जब पूछा तो उन्होंने कहा कि पुलिंग का निर्माण करने वाली कंपनी को सुरक्षा प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा न करने पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
