Times Himachal : आप भी सोशल मीडिया पर शेयर बाजार या गोल्ड में निवेश कर लाखों रुपये कमाने के सपने देख रहे हैं तो सावधान हो जाएं। ऐसा करना आपकी जीवनभर की जमा पूंजी को दांव पर लगा सकता है। जिले में इसी तरह का एक मामला सामने आया है, जहां गोल्ड ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग (सेवानिवृत्त अधिकारी) से 1.29 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की। साइबर क्राइम सेल ने शिकायत मिलने के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मामला कुछ दिन पहले का है। शिमला के रहने वाले एक बुजुर्ग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट देखी। इस दौरान उन्हें एक विज्ञापन दिखाई दिया जिसमें गोल्ड ट्रेडिंग और शेयर बाजार में निवेश के लिए तकनीकी प्रशिक्षण देने की जानकारी दी थी।
उन्होंने विज्ञापन में दिए लिंक पर क्लिक किया तो साइबर ठगों ने उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया। यहां कुछ दिनों तक उन्हें शेयर बाजार में निवेश करने के तरीके बताए गए। इस दौरान गोल्ड ट्रेडिंग में निवेश करने की सलाह भी दी गई। ठगों के जाल में फंसकर बुजुर्ग ने शुरुआत में 10 हजार रुपये निवेश किए। कुछ ही दिनों में यह रकम बढ़कर 20 हजार रुपये हो गई और उन्हें यह पैसा वापस भी मिल गया। इससे उनका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने एक के बाद एक कई किस्तों में 1.29 करोड़ रुपये अपनी जीवनभर की जमा पूंजी साइबर ठगों के बताए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए।
इस बीच शेयर बाजार में आई गिरावट का हवाला देकर ठगों ने उन्हें बताया कि भारत सहित वैश्विक बाजारों में भारी गिरावट के कारण काफी नुकसान हुआ है। हालांकि उन्होंने भरोसा दिलाया कि नुकसान की भरपाई कर दी जाएगी, लेकिन इसके लिए उन्हें और पैसे जमा करवाने होंगे। इस पर पीड़ित को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने साइबर क्राइम थाना शिमला में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले भी प्रदेश में शेयर बाजार और गोल्ड में निवेश के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी के कई मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस ने लोगों से एहतियात बरतने की सलाह दी है।




