Times Himachal : हिमाचल प्रदेश के किन्नौर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) के बॉयज हॉस्टल से छात्र के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। स्कूल के ही 4 से 5 छात्रों द्वारा एक छात्र को बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। मामला उजागर होते ही स्कूल प्रबंधन ने आंतरिक जांच कमेटी का गठन कर दिया है, वहीं जिला प्रशासन और पुलिस ने भी प्रकरण पर संज्ञान लिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए 1 मिनट 3 सेकंड के वीडियो में कुछ छात्र एक छात्र को बेड पर और फिर फर्श पर गिराकर लात-घूंसों से पीटते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान पीड़ित छात्र को अपशब्द कहे गए और धमकियां भी दी गईं। बताया जा रहा है कि यह घटना सितंबर महीने की है, लेकिन इसका वीडियो हाल ही में ही वायरल हुआ है। घटना में शामिल छात्र 11वीं और 12वीं कक्षा के बताए जा रहे हैं। इस मामले में 6 छात्रों को सस्पेंड कर दिया गया है।
उपायुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। संबंधित विभाग से पूरी रिपोर्ट मांगी गई है और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक सुशील शर्मा ने कहा कि घटना में शामिल छात्र नाबालिग हैं। स्कूल प्रबंधन ने मामले की पड़ताल के लिए कमेटी गठित की है। पुलिस कमेटी की विस्तृत जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




