शिमला : हिमाचल में चुनाव से पहले क्या कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन बहाल हो सकती है? इस सवाल का जवाब तलाशने के लिए मुख्य सचिव आरडी धीमान सोमवार को विस्तारित हाई पावर कमेटी की बैठक करने जा रहे हैं। इस कमेटी में पहली बार कर्मचारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष घनश्याम शर्मा और अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अश्वनी ठाकुर और राजेश शर्मा तथा एनपीएस से प्रदीप ठाकुर और भरत शर्मा के अलावा दो अफसरों डीसी मंडी अरिंदम चौधरी और एडीएम भरमार निशांत ठाकुर को जोड़ा गया है। सभी इस बैठक में शामिल हो रहे हैं और अपना अपना पक्ष मुख्य सचिव के सामने रखेंगे मुख्य सचिव आरडी धीमान को सभी से राय लेने के बाद राज्य सरकार को इस बारे में रिपोर्ट देनी है। वह मुख्यमंत्री को बताएंगे कि क्या ओल्ड पेंशन को बहाल करने की दिशा में बढ़ा जा सकता है या नहीं? और इसमें भारत सरकार से किस स्तर पर क्लीयरेंस की जरूरत है? पूर्व कांग्रेस सरकार के दौरान भारत सरकार से किए गए एग्रीमेंट के दायरे में क्या कदम उठाए जा सकते हैं?
इसलिए यह बैठक काफी महवपूर्ण रहने वाली है। इससे पहले इस कमेटी की एक बैठक हो चुकी है, लेकिन उसमें कर्मचारी प्रतिनिधि शामिल नहीं थे। इसके बाद एनपीएस को कर्मचारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष ने बातचीत के लिए बुलाया था और उसके बाद ही हाई पावर कमेटी को विस्तार देकर अतिरिक्त सदस्य इस में जोड़े गए। कमेटी में शामिल किए गए अफसर अरिंदम चौधरी से भी न्यू पेंशन स्कीम की खामियों को लेकर फीडबैक मांगा गया है। फंड मैनेजर के रूप में कर्मचारियों को दिए गए विकल्पों और पेंशन फंड की इन्वेस्टमेंट पर निशांत ठाकुर भी अपने सुझाव देंगे। सूत्रों के अनुसार इस बैठक के बाद अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ओल्ड पेंशन को लेकर अपनी ओर से भी एक ज्ञापन हाई पावर कमेटी को देगा। इसमें न्यू पेंशन स्कीम के दायरे में आने वाले कर्मचारियों से ही कुछ फीडबैक आया है।
13 अगस्त को करेंगे विधानसभा का घेराव
हाई पावर कमेटी की बैठक के लिए शिमला पहुंचे एनपीएस संघ ने रविवार को यहां मनोकामना यज्ञ किया। इसके बाद मीडिया से बातचीत में एनपीए संघ के अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि वह सरकार के साथ बातचीत करेंगे और जहां भी वार्ता के लिए बुलाएंगे, वह जाएंगे। लेकिन 13 अगस्त को बुलाया गया विधानसभा का घेराव नहीं टलेगा। इसकी तैयारी वैसे ही चल रही है। यदि राज्य सरकार और मुख्यमंत्री ओल्ड पेंशन की मांग को मान लेते हैं, तो यह उनके स्वागत में रैली होगी। या फिर कर्मचारियों की मांग को पूरा करने के लिए सरकार के विरोध में। ओल्ड पेंशन पर मुख्यमंत्री के बयानों को लेकर पूछे जाने पर प्रदीप ठाकुर ने कहा कि यह उनके राजनीतिक बयान हो सकते हैं, लेकिन सरकार यदि हमारे से बात कर रही है, तो हमें उम्मीद है कि मामला हल होगा।
