मुंबई: मुंबई के सांताक्रूज (Santa Cruz) इलाके के एक स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र को टीचर ने इतना जोरदार तमाचा जड़ा कि बच्चे केकान का पर्दा फट गया. बच्चे को संस्कृत के टीचर ने लेक्चर देने के दौरान शोर शराबा होने पर संदेह के चलते थप्पड़ मार दिया था. घटना बीते 27 सितंबर की बताई जाती है. हालांकि अभी तक कथित तौर पर आरोपी टीचर को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है. ToI में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक बताया जाता है कि सांताक्रूज पुलिस ने संस्कृत टीचर कमलेश तिवारी (50) के खिलाफ आईपीसी की धारा 325 (गंभीर चोट) और किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम की धारा 75 के तहत बच्चे के साथ क्रूरता बरतने के चलते मामला दर्ज कर लिया है.
