शिमला : सूबे में हिमाचल मंत्रिमंडल की अहम बैठक आज प्रदेश सचिवालय में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में 10.30 बजे शुरू होगी। इसमें JOA-IT, करुणामूलक भर्ती, फायर कर्मचारियों के भत्ते समेत कई अन्य विषय पर चर्चा होगी। कैबिनेट में क्लास-4 कर्मचारियों की रिटायरमेंट एज 60 साल करने को मंजूरी मिल सकती है। मुख्यमंत्री ने भी अराजपत्रित कर्मचारियों के सम्मेलन में इसकी घोषणा कर रखी है।कैबिनेट में वित्त वर्ष 2022-23 के बजट की अनाउसमेंट और मुख्यमंत्री द्वारा अलग-अलग चुनाव क्षेत्रों में की जा रही घोषणाओं को हरी झंडी मिल सकती है। कैबिनेट में JOA-IT को लेकर भी चर्चा होगी। कार्मिक विभाग ने इसे कैबिनेट एजेंडे में शामिल करने का प्रस्ताव भेज रखा है।बता दें कि सरकार ने बीते सप्ताह ही JOA-IT के भर्ती एवं पदोन्नति नियम अधिसूचित किए है। इनमें कुछ त्रुटि रह गई थी, जिससे JOA-IT और क्लर्क में डिस्पैरिटी आ गई थी। इसे दूर करने के लिए कैबिनेट की मंजूरी के साथ छूट के लिए लाया जा सकता है।
राज्य सरकार ने सभी विभागों, बोर्ड व निगमों में करुणामूलक कोटे से 5 फीसदी तक रिक्त पद भरने को मंजूरी दे रखी है, लेकिन कुछ विभाग अभी भी ऐसे हैं जहां करुणामूलक कोटे के मामले लटके हुए हैं। जल शक्ति विभाग में सबसे ज्यादा रिक्तियां करुणामूलक कोटे की हैं। वहीं 5 फीसदी सीलिंग की शर्त परसों खत्म हो रही है। ऐसे में कैबिनेट में इस पर चर्चा की जा सकती है कि करुणामूलक कोटे की शेष भर्तियां कैसे की जाए।इनके अलावा भी कैबिनेट में बहुत सारे मामलों पर चर्चा होगी।
