मनाली| कुल्लू जिला के मनाली-लेह मार्ग के दर्रों में सुबह से बर्फबारी हो रही है। बारालाचा और तंगलंगला दर्रे में आधा फीट बर्फबारी हो चुकी है, जबकि क्रम जारी है। हालांकि सुबह के समय लेह की ओर से वाहन मनाली आए। लेकिन दोपहर बाद दर्रे से वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से ठप हो गई। मौसम के हालात को देखते हुए लाहुल स्पीति प्रशासन सतर्क हो गया है। बर्फ के दीदार को शिंकुला और बारालाचा गए पर्यटकों को लाहुल स्पीति पुलिस ने वापस मनाली भेज दिया है। पर्यटकों ने दोपहर तक शिंकुला, बारालाचा व रोहतांग दर्रे में बर्फ के फाहों का आनंद लिया।
सभी मार्ग बंद किए
प्रशासन ने अधिसूचना जारी कर सभी मार्ग बंद कर दिए हैं। शिंकुला दर्रे में भी सुबह से भारी बर्फबारी हो रही है। सुबह के समय फोर व्हील ड्राइव वाहन आर-पार हुए। लेकिन दोपहर बाद जांस्कर घाटी का पददुम मार्ग भी बन्द हो गया है।
वाहन चालक बोले, बारालाचा दर्रे में आधा फीट
वाहन चालक नरेंद्र व दीपक ने बताया कि मनाली लेह मार्ग के सभी ऊंचाई वाले दर्रों में बर्फबारी हो रही है। उन्होंने बताया बारालाचा दर्रे में आधा फीट बर्फ गिरी है। दूसरी ओर मनाली के निकटवर्ती पर्यटन स्थल रोहतांग, राहनीनाला, मढ़ी, ग्रांफु व कोकसर में भी बर्फ के फाहे गिर रहे हैं। इन दर्रों में भी चार इंच हिमपात हुआ है। लाहुल सहित मनाली की सभी ऊंची चोटियों में बर्फबारी हुई है।
मौसम साफ होने के बाद ही करें सफर
उपायुक्त लाहुल स्पीति सुमित खिमटा ने बताया लाहुल घाटी में भारी बर्फबारी के कारण मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-003) बारालाचा टाप के पास बंद हो गया है। दर्रों पर हो रही बर्फबारी को देखते हुए मनाली-लेह व दारचा शिंकुला पददुम मार्ग वाहनों के लिए बंद कर दिया है। उन्होंने इन मार्गों पर सफर करने वाले पर्यटकों से आग्रह किया कि मौसम साफ होने का इंतजार करें और प्रशासन द्वारा अनुमति मिलने के बाद ही सफर करें।
