Spread the love

चंबा| केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिमाचल में भाजपा के चुनाव प्रचार की शुरुआत कर दी है। उनकी पहली रैली चंबा के सिन्हुता ग्राउंड में हुई, जहां उन्होंने भाजपा प्रत्याशी विक्रम चौहान के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए चंबा के लोगों से भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील की।इस दौरान अमित शाह ने कहा कि चुनाव में भाजपा को विजयी बनाकर लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के हाथों को मजबूत करने में अपना योगदान दें। केंद्र और राज्य सरकार ने बिना किसी भेदभाव के कार्य संस्कृति को बढ़ावा दिया है। योजनाओं से हर वर्ग को लाभ पहुंचाया है। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने नई कार्यशैली को जन्म दिया है। उनके नेतृत्व में देश और प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। अर्थव्यवस्था में सुधार होगा तो हिमालय राज्य में उसकी अहम भूमिका होगी और हिमाचल को इसके लिए याद किया जाएगा।

कांग्रेस और राहुल गांधी को चेताया
अमित शाह ने कहा कि राहुल बाबा सुन लें, ऊपरी हिमाचल भी भाजपा का और निचला हिमाचल भी भाजपा का होगा। भेदभाव की राजनीति अगर किसी ने की है तो वह सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस ने की है। टोपी की राजनीति पर बात करते हुए अमित शाह ने कहा कि लाल टोपी भी भाजपा की है और अब हरी टोपी भी भाजपा की ही होगी।

राजा रानी नहीं अब जनता का जमाना
परिवारवाद पर तंज कसते हुए अमित शाह ने कहा कि अब राजा रानी का नहीं, जनता का जमाना है। लोकतंत्र का पर्व आया है, अब राजा रानी का जमाना नहीं रहा जनता का जमाना है।

जयराम ठाकुर की पीठ भी थपथपाई
चंबा रैली में अमित शाह ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की पीठ थपथपाते हुए कहा कि उनके मजबूत नेतृत्व में हिमाचल ने हर क्षेत्र में विकास किया है। उसके प्रयासों से हर वर्ग को केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला है। हिमाचल को ड्रग फ्री राज्य बनाने के लिए भाजपा को जिताएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ को मजबूत करने के लिए और प्रदेश को विकास की आगे ले जाने के लिए भाजपा के पक्ष में वोट करें।

कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए

चंबा के बाद अमित शाह मंडी जाएंगे। यहां करसोग के बरल ग्राउंड में भाजपा प्रत्याशी दीपराज भंथल के लिए वोट अपील करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हेलिकॉप्टर से पहले कुन्हों हेलिपैड पर उतरेंगे और यहां से वाया सड़क मार्ग बरल ग्राउंड पहुंचेंगे। गृहमंत्री की सुरक्षा के मद्देनजर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा कारणों से जनसभा स्थल तक पहुंचने के लिए एक ही एंट्री रखी गई है। मुख्य प्रवेश द्वार पर 4 बैरिकेड्स लगाए गए हैं।

करसोग के बरल ग्राउंड में जनसभा में पहुंचने वाली महिलाओं और पुरुषों के बैठने के लिए अलग-अलग कुर्सियां लगाई गई हैं। इसके अतिरिक्त लोगों के खड़ा रहने की भी ग्राउंड में काफी जगह है। जनसभा के दौरान बस स्टैंड से बरल पुल तक बाजार से होकर वाहनों की आवाजाही बंद रही। लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए SDM ऑफिस की तरफ आने जाने वाले वाहनों को बाईपास से भेजा जा रहा है।

शाम को पार्टी नेताओं से लेंगे चुनावी फीडबैक
अमित शाह आज शाम को पार्टी नेताओं से चुनावी फीडबैक भी लेंगे। वे CM जयराम ठाकुर सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक करके प्रदेश की राजनीति पर चर्चा करेंगे। रात को शिमला में ठहरने के बाद कल हमीरपुर के लिए रवाना होंगे।

यहां पर नादौन में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार का कार्यक्रम है। इसके बाद वे धर्मशाला जाएंगे और यहां पर जोरावर स्टेडियम में रैली में भाग लेंगे। धर्मशाला से नालागढ़ के लिए रवाना होंगे और यहां पर भी एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम को 5:00 बजे चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे।

By admin

Leave a Reply