शिमला : हिमाचल चुनाव को लेकर मीडिया पर OPS बहाली को लेकर की गई टिप्पणी मामले में शिक्षक नेता डा. मामराज पुंडीर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। चुनाव आयोग ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। शो काज नोटिस जारी कर उनसे जवाब मांगा गया है। कांग्रेस विधि विभाग ने सोमवार को चुनाव आयोग से शिकायत की थी, जिसमें शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज के पूर्व में ओएसडी रहे व शिक्षक नेता डा. मामराज पुंडीर पर भी कार्रवाई करने की मांग की गई थी।हिमाचल कांग्रेस विधि विभाग के अध्यक्ष प्रणय प्रताप सिंह ने कहा कि इस तरह की खबरों से लगातार लोगों को बरगलाने का काम किया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कुछ सरकारी कर्मचारी भी फेक न्यूज को फैलाने का काम कर रहे हैं। इंटरनेट मीडिया पर OPS बहाल करने का दावा किया जा रहा है जबकि केंद्र सरकार द्वारा इस तरह का कोई फैसला नहीं लिया गया है। प्रणय प्रताप सिंह ने कहा कि अब तक हिमाचल कांग्रेस लीगल सेल चुनाव आयोग को 75 से ज्यादा शिकायतें दे चुका है। हाल ही में सूचना निदेशक के खिलाफ दी गई शिकायत पर कार्रवाई करते हुए चुनाव आयोग ने उन्हें पद से हटाया है।
