मंडी : मंडी के पधर- जोगेंद्रनगर वाया नौहली मार्ग पर एक दर्दनाक कार हादसा हुआ है। जहां दो युवकों की मौत व एक युवक घायल हुआ है। जानकारी के मुताबिक मृतक युवकों की पहचान भुवन सिंह ( 38 ) और सुनील कुमार (28) निवासी सजेहड़ डाकघर नौहली तहसील पधर जिला मंडी के रूप में हुई है।जबकि घटना में घायल युवक पदम सिंह ( 27 ) पुत्र दौलत राम नौहली पंचायत के चाभ भराडू का निवासी है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया यह घटना देर रात को हुई है। युवक देर रात को कहां जा रहे थे और किन कारणों से हादसा हुआ यह पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल जोगेंद्रनगर भेज दिया गया हैं।
