Spread the love

आप का हिमाचल की चारों लोक सभाओं से 21 दिवसीय बदलाव अभियान के तीसरे दिन प्रभात फेरी, जनसभा, रोड शो, बदलाव मार्च कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आप कार्यकर्ताओं ने बुधवार को अभियान की शुरुआत शिमला के कसुम्पटी, ऊना के चिंतपूर्णी, कुल्लू के मनाली, चंबा के चुराह से की। इस मौके पर आप अध्यक्ष सुदेश ठाकुर भी मौजूद थे। जनसभाओं में आप नेताओं ने जनता के मुद्दों के साथ-साथ आप मॉडल शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर चर्चा की। वहीं, जब हिमाचल के लोगों से आम आदमी पार्टी ने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर बातचीत की तो लोगों ने जनहित मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया। वहीं, शिमला के सुरजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि शिमला के जुन्गा में सीएससी अस्पताल की खराब हालत और मरीजों को आ रही परेशानियों से जयराम सरकार को कुछ लेना-देना नहीं है और दूसरी तरफ आप पार्टी आम लोगों के स्वास्थ्य हों या शिक्षा के बारे में सोच रखती है। वहीं, मनीष ठाकुर ने कहा कि मल्याणा में गल्र्ज कालेज बनाने की मांग लंबे समय से चल रही है, लेकिन अभी तक सरकार कुछ भी नहीं कर पाई है। उधर, पूर्ण चंद ने बताया कि चिंतपूर्णी मंदिर के आसपास की सडक़ें एकदम खस्ताहाल हैं, लेकिन सरकार का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है। उधर, कांगड़ा के केंद्रीय विश्वविद्यालय के बारे में राकेश चौधरी ने अपनी बात रखते हुए कहा कि सीयू 2008 से किराए पर चल रहा है। सरकार ने अब तक विश्वविद्यालय के लिए स्थायी जमीन क्यों नहीं दी। वहीं, भगवंत सिंह ने कहा कि मनाली में बस स्टैंड बनाने के लिए कांग्रेस और भाजपा सरकार दोनों ने घोषणा की थी, लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं किया गया है।

By admin

Leave a Reply