Spread the love

सोलन के दाड़लाघाट के समीप संचालित पर्यटन निगम के बाघल होटल में सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी विभाग की टीम ने एक मोटर व्हीकल निरीक्षक (एमवीआई) व एक दलाल को पांच लाख 68 हजार के करीब राशि के साथ हिरासत में लिया है। रिश्वत लेने के आरोपी एमबीआई और दलाल को बुधवार को विजिलेंस टीम ने अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। विजिलेंस का मानना है कि इतनी बड़ी रकम वाहन मालिकों से उनकी गाडि़यों की पासिंग करने के  एवज में एकत्रित की गई है। आरोपी एमवीआई शिमला में कार्यरत है तथा वर्तमान में उसके पास सोलन जिला का अतिरिक्त कार्यभार था। इस रकम को वाहन मालिकों से इकट्ठा करके एमवीआई तक पहुंचाने में जिस दलाल का हाथ बताया जा रहा है, वह भी अर्की तहसील के गांव सेवड़ा चंडी का निवासी है।

पुलिस ने दोनों को होटल से गिरफ्तार करके उनके घरों पर भी रेड शुरू कर दी है। विजिलेंस पुलिस अधीक्षक अंजुम आरा ने बताया कि विभाग को बीते कई सप्ताह से यह गुप्त सूचना थी कि एमवीआई किसी दलाल के माध्यम से एक ही दिन में वाहन मालिकों से गाडि़यां पासिंग करने के एवज में रिश्वत के रूप में लाखों रुपए एकत्रित कर लेता है। उन्होंने कहा कि रिश्वत सीधे तौर पर एमवीआई न लेकर अपने एक दलाल के माध्यम से लेता था  तथा बाद में किसी निर्धारित ठिकाने में वह उसे रिसीव करके रफूचक्कर हो जाता था। किसी शातिर नटवर लाल की तरह लेन-देन के ठिकाने बदले जाते थे, ताकि किसी को भी भनक न लगे। विजिलेंस टीम भी उसका बड़े सुनियोजित व गुप्त तरीके से पीछा कर रही थी, ताकि एमबीआई व दलाल को रंगे हाथों पकड़ा जा सके। मंगलवार की रात को विजिलेंस को सफलता हाथ लग गई तथा बाघल होटल के एक कमरे में ठहरे एमवीआई व दलाल को लाखों रुपए की नकदी के साथ पकड़ लिया। विजिलेंस ने भ्रष्टाचार रोधी कानून की धारा 7 पीसी व 7 एपीसी के तहत मामला दर्ज किया है। (एचडीएम)

आरोपी अधिकारी के आवास पर भी रेड

एसपी विजिलेंस अंजुम आरा ने बताया कि आरोपी एमवीआई के व्यक्तिगत आवास छोटा शिमला में भी विभागीय टीम द्वारा रेड करके संपत्ति का पूरा रिकार्ड खंगाला जा रहा है। इस शख्स की कहां-कहां प्रापर्टी है, इसकी जानकारी लेने के बाद यदि उचित लगा तो आय से अधिक संपत्ति होने का मामला भी दर्ज हो सकता है।

By admin

Leave a Reply