Spread the love

शिमला-02 मई : सेब बहुल क्षेत्र शिमला के ठियोग, फागू, जुब्ब्ल, कोटखाई, रोहड़ू क्षेत्रों समेत एप्पल बेल्ट में रोज हो रही ओलावृष्टि से बागवानों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। रविवार और सोमवार को ओलावृष्टि से सेब के बगीचों में भारी नुकसान की सूचनाएं हैं। बगीचों पर की गई नेटिंग और एंटी हेलगन जैसे उपाय भी नाकाफी साबित हो रहे हैं। वहीं, फ्लावरिंग के समय ओलावृष्टि और तापमान गिरने से सेब में कई तरह की बीमारियां लगने का खतरा भी पैदा हो गया है। उस पर अभी अगले दो दिन तक ऑरेंज अलर्ट है और आठ मई तक मौसम के खराब रहने का पूर्वानुमान मौमस विज्ञान केंद्र जता रहा है, ऐसे में बागवानों के माथे पर चिंता की लकीरें देखी जा सकती हैं।
जानकारी के अनुसार सेब की फ्लावरिंग के समय बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधियों से सेब झड़ रहा है। इसके अलावा फ्लावरिंग के समय तापमान 18 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहना चाहिए जबकि मौजूदा समय में तापमान 10 डिग्री तक गिर गया है। इस समय ठंड बढ़ने से सेब बागवानों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।

By admin

Leave a Reply