शिमला : शिमला नगर निगम चुनाव के लिए 4 मई यानी आज मतगणना होगी. शिमला नगर निगम चुनाव के लिए मतदान मंगलवार को संपन्न हो गया है, शहर में 58.97 फीसदी मतदान रहा है. प्रशासन ने मतगणना के लिए छोटा शिमला स्कूल को केंद्र बनाया है, जिसके लिए कर्मचारियों को आज ट्रैनिंग दी जा रही है. इसमें कर्मचारियों को मतगणना के नियम और तौर तरीकों की जानकारी दी जा रही है. मतगणना आज सुबह 10 बजे शुरू होगी और दोपहर तक स्थिति साफ होने की पूरी उम्मीद है. इसके बाद यह पता चल पाएगा कि नगर निगम में कौन सी पार्टी सत्ता में रहेगी और कौन सत्ता से बाहर. कल होने वाली मतगणना पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं. वहीं, दोनों पार्टियां भाजपा-कांग्रेस अपनी अनपी जीत का दावा कर रही हैं. शिमला नगर निगम के चुनाव के लिए प्रशासन ने शहर के 34 वार्डों में कुल 153 मतगणना केंद्र बनाए थे. इस तरह 153 ईवीएम में वोटों की काउंटिंग होनी है. ऐसे में यह माना जा रहा है कि दोपहर परिणाम आ जाएंगे और साफ हो जाएगा कि नगर निगम शिमला पर किस पार्टी का कब्जा होगा. फिलहाल एक ओर जहां कांग्रेस हिमाचल में सत्तासीन नई सरकार के कार्यों के दम पर नगर निगम शिमला में आने का दावा कर रही है तो भाजपा अपने पूर्व नगर निगम शिमला के कार्यों के दम पर सत्ता में फिर से आने की उम्मीद कर रही है.
कांग्रेस नगर निगम शिमला से 11 सालों से बाहर है. लगातार दो चुनावों में कांग्रेस को हाशिए पर रहना पड़ा है. साल 2012 में नगर निगम में मेयर और डिप्टी मेयर के दोनों अहम पदों पर माकपा ने बाजी मार ली थी. हालांकि संख्या के बल पर भाजपा को तब 12 सीटें और कांग्रेस को 10 सीटें मिली थीं, इसी तरह 3 सीटें तक माकपा के खाते में गई थी. लेकिन तब प्रत्यक्ष चुनाव में मेयर पद पर माकपा के संजय चौहान और डिप्टी मेयर पद पर टिकेंद्र पंवर जीते थे. इस तरह न तो कांग्रेस और न ही भाजपा को तब सता मिल पाई थी.
