राजधानी में लगातार हो रही बारिश से शहर के कई इलाकों में सडक़ें और रास्ते धंसने शुरू हो गए हैं। शहर के अपर ढली वार्ड में नगर निगम की सब्जी मंडी-हिमगिरि सडक़ शुक्रवार को धंस गई। इसके चलते तिब्बतीयन कॉलोनी समेत अपर समिट्री के लिए वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। स्थानीय पार्षद कमलेश मेहता के अनुसार शुक्रवार को बारिश के बाद सडक़ धंस गई है। कहा कि इस सडक़ के निचली ओर निर्माण कार्य चल रहा था। मौके पर चल रही खुदाई से इस सडक़ को खतरा हो गया था। कुछ हिस्सा पहले भी धंस गया था। इसके बाद काम रोकने को लेकर संबंधित विभाग से बात की थी और नोटिस भी जारी किया था। लेकिन काम नहीं रोका गया। इसके चलते अब यह सडक़ धंस गई है जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि अब अपर समिट्री और तिब्बतीयन कॉलोनी के लोगों को दूसरे वैकल्पिक मार्ग से आवाजाही करनी होगी।
