Spread the love

शिमला| हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक ने शर्मनाक हरकत कर गुरु-शिष्य के रिश्ते को तार-तार किया है। जानकारी के अनुसार राजकीय उच्च विद्यालय के ड्राइंग विषय के शिक्षक ने नौवीं कक्षा की छात्रा को अकेले में अश्लील वीडियो दिखाई और उसके साथ छेड़छाड़ की। पीड़िता की मां ने इसकी शिकायत पुलिस स्टेशन में की। आरोपी शिक्षक के खिलाफ  पॉक्सो एक्ट समेत अन्य आपराधिक धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पीड़िता की मां ने  शिमला के ढली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई है कि उनकी बेटी सरकारी स्कूल में पढ़ती है। 2 मई को स्कूल से आने के बाद बेटी ने बताया कि जब स्कूल का ड्राइंग मास्टर योगेंद्र शाम 4:00 बजे के बाद अतिरिक्त कक्षा ले रहा था, तो वह कक्षा में बैठी उनकी बेटी को अकेले में ले गया। आरोपी शिक्षक ने अपना फोन निकाला और किसी युवती का न्यूड वीडियो दिखाया तथा गलत इरादे से उसकी बेटी को छुआ। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित छात्रा की मां की शिकायत पर ढली थाना पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ पाॅक्सो एक्ट के तहत छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की तफ्तीश जारी है।

छात्रा से छेड़छाड़ मामले में शिक्षक निलंबित
छेड़छाड़ के आरोप में शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। उक्त शिक्षक को निलंबन के दौरान वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डोडरा मुख्यालय में रिपोर्ट करना होगा। शिक्षक बिना विभाग की अनुमति के स्टेशन को नहीं छोड़ सकेगा। उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा जिला  शिमला खेमराज भंडारी ने कहा कि शिक्षक पर लगे आरोपों और पुलिस शिकायत के बाद निलंबित करने के आदेश जारी किए गए हैं। विभागीय जांच बैठा दी गई है।

 

By admin

Leave a Reply